Home slider

दुर्गा पूजा से पहले हो सकती है प्रदेश भाजपा कमेटी की घोषणा

भाजपा और आरएसएस के नेताओं की अहम बैठक

कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल भाजपा ने सॉल्टलेक के एक फाइव स्टार होटल में मैराथन बैठक की। इस बैठक में भाजपा के संगठन महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष के साथ बंगाल भाजपा के तमाम शीर्ष नेता और आरएसएस के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात से ही बैठक का दौर शुरू हो गया था, जो गुरुवार सुबह तक जारी रहा। बी.एल. संतोष ने कभी व्यक्तिगत तौर पर तो कभी सामूहिक रूप से नेताओं से बातचीत की। बैठक में शुभेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार, शमिक भट्टाचार्य, अमित मालवीय, अमिताभ चक्रवर्ती, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और दीपक बर्मन जैसे नेता मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर आरएसएस और इसके सहयोगी संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी जिष्णु बसु, रमापद पाल, शचिंद्र नाथ सिन्हा, प्रदीप जोशी और जलधर महतो भी बैठक में शामिल हुए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से कुछ ही महीने पहले भाजपा और आरएसएस की यह संयुक्त बैठक बेहद अहम संकेत दे रही है। इसी महीने राजस्थान के जोधपुर में हुई आरएसएस की तीन दिवसीय बैठक में भी बांग्लादेश से हो रही घुसपैठ और उससे पैदा होने वाली सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा हुई थी। उस बैठक में संघ के प्रचार प्रमुख सुनील अंबेडकर ने कहा था कि बांग्लादेश के राजनीतिक हालात का असर बंगाल पर साफ दिख रहा है, घुसपैठ और उससे जुड़ा उत्पात बढ़ा है, जिससे हिंदुओं की सुरक्षा सवालों के घेरे में है।

राज्य कमेटी को लेकर थी दुविधा

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात की बैठक में मुख्य रूप से राज्य कमेटी के गठन को लेकर चर्चा हुई। लंबे समय से राज्य कमेटी को लेकर भाजपा दुविधा में थी। आंतरिक कलह को दूर कर कमेटी को सक्रिय और प्रभावी बनाना अभी पार्टी की प्राथमिकता है। साथ ही, इस साल विजयादशमी पर संघ के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस मौके पर आरएसएस द्वारा कई कार्यक्रम तय किए गए हैं, जिन पर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि इसी साल उलबेड़िया में तीन दिवसीय भाजपा-आरएसएस समन्वय बैठक हो चुकी है और अब एक बार फिर आगामी चुनाव से पहले यह बैठक हुई है। उद्देश्य स्पष्ट है, आरएसएस और भाजपा के बीच बेहतर तालमेल कर आगामी चुनावों में प्रभाव डालना।

एसआईआर और सीएए पर चर्चा

इसके अलावा, बैठक में एसआईआर और सीएए पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि एसआईआर लागू होने से पहले और बाद की परिस्थितियों को लेकर राज्य भाजपा की भूमिका तय करने पर मंथन हुआ। वहीं, सीएए को लेकर भी विशेष चर्चा की संभावना जताई गई। सूत्रों के अनुसार, बैठक के बाद बी.एल. संतोष ने बंगाल भाजपा की नई कमेटी को अंतिम रूप दिया। बताया जा रहा है कि जल्द ही कमेटी की घोषणा की जा सकती है।

SCROLL FOR NEXT