मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और निष्पक्ष यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल ने शुक्रवार को हावड़ा स्टेशन पर विशेष मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान चलाया। एसडीसीएम राहुल रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान की निगरानी रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा की गई। अभियान का उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के हितों की रक्षा करना, बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता और अनुशासन को बढ़ावा देना था। इस विशेष जांच अभियान में 49 टिकट जांच कर्मचारियों के साथ आरपीएफ के 4 तथा जीआरपी के 3 कर्मियों ने भाग लिया। गहन जांच के दौरान कुल 624 मामलों का पता चला। इनमें 535 मामले बिना टिकट यात्रा, 60 मामले बिना बुक किए गए सामान तथा 29 मामले गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन से संबंधित पाए गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बिना टिकट और अनधिकृत यात्रा से ट्रेनों में भीड़ बढ़ती है, जिससे नियमित टिकटधारी यात्रियों को असुविधा होती है। साथ ही इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान होता है, जिसका उपयोग यात्री सुविधाओं के विकास में किया जा सकता है। जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें जिम्मेदार यात्रा व्यवहार अपनाने, वैध टिकट के साथ यात्रा करने तथा स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।