Home slider

1 अगस्त से दो स्टेशनों पर नहीं रुकेगी सियालदह-रानाघाट एसी लोकल

रेलवे ने लिया बड़ा फैसला

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : यात्रियों की संख्या और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा के बाद सियालदह मंडल ने सियालदह-रानाघाट एसी गैलोपिंग लोकल के दो प्रायोगिक स्टॉपेज को वापस लेने का निर्णय लिया है। 1 अगस्त 2026 से यह ट्रेन कांकीनाड़ा और जगद्दल स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। रेलवे के अनुसार, यात्रियों की मांग और सुविधा का आकलन करने के उद्देश्य से पहले सिमुराली, हालीशहर, इच्छापुर, जगद्दल और कांकीनाड़ा—इन पांच स्टेशनों पर एसी लोकल का प्रायोगिक ठहराव शुरू किया गया था। समीक्षा में पाया गया कि कांकीनाड़ा और जगद्दल स्टेशनों पर इस ट्रेन का उपयोग करने वाले यात्रियों की संख्या बेहद कम है। इसी कारण ट्रेन की समयपालन क्षमता बनाए रखने और निर्धारित टाइम-टेबल का बेहतर पालन सुनिश्चित करने के लिए इन दोनों स्टेशनों पर स्टॉपेज समाप्त करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सिमुराली, हालीशहर और इच्छापुर स्टेशनों पर एसी लोकल का ठहराव फिलहाल जारी रहेगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अगली समीक्षा होने तक इन तीनों स्टेशनों पर ट्रेन पहले की तरह निर्धारित समय के अनुसार रुकेगी। सियालदह मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे ने इस बदलाव से यात्रियों को होने वाली अस्थायी असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है। गौरतलब है कि सियालदह-रानाघाट एसी गैलोपिंग लोकल प्रतिदिन शाम 6:50 बजे सियालदह स्टेशन से रवाना होती है और रात 8:32 बजे रानाघाट पहुंचती है। रेलवे का कहना है कि स्टॉपेज में किए गए इस बदलाव का उद्देश्य ट्रेन के संचालन को अधिक समयबद्ध और सुचारु बनाना है।

SCROLL FOR NEXT