फाइल फोटो  REP
Home slider

सियालदह मंडल ने सोनारपुर हेल्थ यूनिट में शुरू की टेलीमेडिसिन सेवा

नैहाटी और घोलसापुर हेल्थ यूनिट भी जुड़े, रेलवे कर्मचारियों और परिजनों को मिलेगा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श

Megha

कोलकाता, 17 सितंबर। सियालदह मंडल ने रेलवे कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोनारपुर हेल्थ यूनिट में टेलीमेडिसिन सेवा शुरू की है। इस सुविधा का उद्घाटन पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक (PCMD) डॉ. नटराज बसप्पा, सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना, बी.आर. सिंह अस्पताल के एमडी डॉ. देबाशीष गुहा और CMS डॉ. कल्पना मंडल की मौजूदगी में किया गया।

टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार के साथ नैहाटी और घोलसापुर हेल्थ यूनिट भी इस सुविधा से जुड़ गए हैं। इससे पहले राणाघाट, बारासात और बहरमपुर हेल्थ यूनिट में यह सेवा उपलब्ध थी। अब विभिन्न हेल्थ यूनिट के मरीज बी.आर. सिंह अस्पताल, सियालदह के विशेषज्ञ चिकित्सकों से टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से परामर्श ले सकेंगे।

इस सुविधा का उद्देश्य उन मरीजों को राहत देना है, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह के लिए सियालदह अस्पताल तक पहुंचने में कठिनाई होती है। मरीज वीडियो परामर्श के जरिए अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर सोनारपुर हेल्थ यूनिट में बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें रेलवे कर्मचारियों और लाभार्थियों को नेत्र, दंत एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने परामर्श दिया।

मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि टेलीमेडिसिन सेवा का विस्तार कर्मचारियों और लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

SCROLL FOR NEXT