Home slider

सियालदह मंडल ने 4.5 माह में जुटाया करीब 100 करोड़ रुपये का गैर-किराया राजस्व

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती साढ़े चार महीनों में बड़ी वित्तीय उपलब्धि हासिल की है। 19 अगस्त 2026 तक मंडल ने करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य के गैर-किराया राजस्व अनुबंध अंतिम रूप से संपन्न किए हैं। मंडल ने पार्सल और पे एंड यूज अनुबंधों को छोड़कर कुल 190 राजस्व अर्जन वाले अनुबंध प्रदान किए, जिनका कुल मूल्य 99.56 करोड़ रुपये (18% जीएसटी सहित) है। इनमें 11 खानपान, 16 विज्ञापन, 40 अन्य गैर-किराया राजस्व, 21 बहुउद्देशीय स्टॉल और 102 पार्किंग अनुबंध शामिल हैं। इस अभियान के तहत कई अनधिकृत पार्किंग स्थलों की नीलामी कर उन्हें नियमित किया गया। वहीं, अतिक्रमित रेलवे भूमि को खाली कराकर नई व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह उपलब्ध कराई गई। रेलवे के अनुसार पार्किंग स्थलों के नियमितीकरण से यात्रियों को सुरक्षित और पारदर्शी पार्किंग सुविधा मिलेगी। अतिक्रमण हटने से स्टेशन के प्रवेश मार्ग और सर्कुलेटिंग एरिया भी अधिक व्यवस्थित होंगे। खानपान और बहुउद्देशीय स्टॉल से यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने कहा कि यह उपलब्धि गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के साथ यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

SCROLL FOR NEXT