कोलकाता : यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए पूर्व रेलवे के सियालदह डिवीजन के डीआरएम राजीव सक्सेना ने गुरुवार को हासनाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। वह विशेष ट्रेन से हसनाबाद पहुंचे। इस दौरान स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ स्टेशन मास्टर, आरपीएफ अधिकारियों सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने यात्रियों को मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही हसनाबाद जैसे सीमावर्ती स्टेशन पर कार्यरत रेलकर्मियों की सुविधाओं और परेशानियों के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। हसनाबाद शाखा में लंबे समय से चांपापुकुर से हसनाबाद तक डबल लाइन की मांग की जा रही है। इस संबंध में डीआरएम राजीव सक्सेना ने बताया कि डबल लाइन के लिए लोकेशन सर्वे पूरा हो चुका है। हालांकि, अभी ड्राफ्ट रिपोर्ट को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद रेल मंत्रालय के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भ्याबला रेलगेट के ऊपर रेल ओवरब्रिज बनाने की मांग को लेकर भी डीआरएम ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे रेल ओवरब्रिज और आधुनिक गेट के माध्यम से रेल यात्रियों तथा आम लोगों की आवाजाही को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास करता है। भ्याबला इलाके में जल्द सर्वे कराया जाएगा और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीआरएम के निरीक्षण से हसनाबाद शाखा में बुनियादी ढांचे, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बढ़ी है। डबल लाइन और रेल ओवरब्रिज की मांग पर सर्वे और रिपोर्ट की प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है।