सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल में संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने न्यू टाउन में अपना नया कार्यालय तैयार किया है। उत्तर कोलकाता के अभेदानंद रोड स्थित मौजूदा ‘केशव भवन’ में जगह की कमी के कारण कामकाज में आ रही दिक्कतों को देखते हुए नया कार्यालय बनाया गया है। न्यू टाउन के एक्शन एरिया-2डी में स्थित इस नए भवन का उद्घाटन 26 सितंबर को आरएसएस के सरकार्यवाह (अखिल भारतीय महासचिव) दत्तात्रेय होसबले करेंगे।
केशव भवन पर बढ़ा था काम का दबाव
अब तक दक्षिण बंगाल में संघ की गतिविधियों का संचालन केशव भवन से होता था। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा को मिलाकर पूर्व भारत क्षेत्र का मुख्यालय भी यही था। वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों के कारण यहां काम का दबाव बढ़ता गया। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी यहां ठहरते हैं। अखिल भारतीय स्तर के नेता जब पश्चिम बंगाल आते हैं तो उनके ठहरने की व्यवस्था भी केशव भवन में करनी पड़ती है। इससे जगह की समस्या और बढ़ गई थी।
एयरपोर्ट से पहुंचना भी होगा आसान
केशव भवन हेदुआ और मानिकतला के बीच स्थित है। ऐसे में बाहर से आने वाले वरिष्ठ पदाधिकारियों को एयरपोर्ट से शहर के भीतर स्थित कार्यालय तक पहुंचना पड़ता था। न्यू टाउन में नया कार्यालय बनने से एयरपोर्ट से आने-जाने में भी सुविधा होने की उम्मीद है।
पांच मंजिला भवन का नाम ‘केशव स्मृति’
नया कार्यालय पांच मंजिला है और इसका नाम ‘केशव स्मृति’ रखा गया है। भवन का निर्माण ‘डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति’ ने कराया है। आरएसएस के दक्षिण बंगाल के प्रचार प्रमुख के अनुसार, संघ ने वर्ष 2025 में अपने 100 वर्ष पूरे किए। इसके बाद ‘पंच परिवर्तन’ के तहत कई सामाजिक कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन नई गतिविधियों के कारण संगठन को पहले की तुलना में अधिक स्थान की जरूरत महसूस हुई। नए कार्यालय के शुरू होने के बाद इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।