बेंगलुरु: चांद के दक्षिणी ध्रुव पर भारत का मिशन चंद्रयान-3 हर दिन जरूरी जानकारियां भेज रहा है। इनमें सबसे खास है चंद्रमा पर ऑकसीजन की खोज करना। लैंडिंग के बाद से इसरो को लगातार कई सूचनाएं मिल रही है।
इसरो ने जारी किया वीडियो
चांद पर मौजूद रोवर प्रज्ञान और लैंडर विक्रम की कई तस्वीरों को इसरो ने शेयर किया है। गुरुवार (31 अगस्त) को लैंडर विक्रम ने चांद की सतह से रोवर प्रज्ञान का एक मजेदार वीडियो भेजा है। वीडियो में रोवर सेफ रूट की तलाश में 360 डिग्री पर चक्कर काटता नजर आ रहा है। इसरो ने यह वीडियो शेयर करते हुए इसरो ने ट्वीट किया, 'सुरक्षित रास्ते की तरफ रोटेशन लेते हुए रोवर प्रज्ञान का वीडियो लैंडर विक्रम ने रिकॉर्ड किया है। इस वीडियो में ऐसा लग रहा है कि एक बच्चा चंदामामा के आंगन में खेल रहा है और उसकी मां प्यार से उसको खेलते हुए देख रही है।
कई अहम जानकारियां मिली
बता दें कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से भेजे गए चंद्रयान-3 की मदद से कई अहम जानकारियां मिली है। इसरो ने कहा है कि उपकरण ने उम्मीद के मुताबिक एल्युमीनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम, टाइटेनियम, मैंगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता लगाया है। वहीं, अब तक की खोज में चांद की मिट्टी में जो तत्व पाए गए हैं वह इसरो के लिए बड़ी कामयाबी है।
14 दिनों तक चांद पर होगी खोज
भारत का चंद्रयान-3 मिशन 14 जुलाई को लॉन्च हुआ था। इसके बाद 23 अगस्त को यह चांद के दक्षिणी पोल पर लैंड हुआ। इसरो के मुताबिक, यह 14 दिनों तक चांद पर खोज करेगा, जो चांद पर एक दिन होता है। चांद के इस हिस्से में सूरज के डूबने के साथ ही प्रज्ञान और विक्रम काम करना बंद कर देंगे।