मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वर्षों से जर्जर सड़कों की समस्या से जूझ रहे बाली और उत्तर हावड़ा के लोगों के लिए राहत की खबर है। राज्य के मंत्री उमेश राय ने घोषणा की है कि सावन माह समाप्त होते ही हावड़ा के कई प्रमुख मार्गों के पुनर्निर्माण और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। लक्ष्य है कि दुर्गापूजा से पहले सभी प्रमुख सड़कों को यातायात के लिए सुरक्षित और सुगम बना दिया जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। हावड़ा के कई इलाकों में सड़कें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि कई स्थानों पर सड़क से अधिक गड्ढे नजर आते हैं। गिरिश घोष रोड, जे.एन. मुखर्जी रोड, सलकिया रोड, नस्करपाड़ा रोड सहित कई प्रमुख मार्गों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। इन सड़कों से गुजरने वाले लोगों को प्रतिदिन जोखिम उठाकर सफर करना पड़ता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले लगभग 15 वर्षों से इन सड़कों की हालत लगातार बदतर होती गई है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों, स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार वाहन पलटने और लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। मंत्री उमेश राय ने सन्मार्ग को बताया कि पहले चरण में गिरिश घोष रोड, जे.एन. मुखर्जी रोड, सलकिया रोड, नस्करपाड़ा रोड समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर पैचवर्क, री-सर्फेसिंग और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा। सड़कों को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा से पहले सड़क मरम्मत का कार्य पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि भविष्य में सड़कें बार-बार क्षतिग्रस्त न हों। लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सड़क उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से तेजी से काम किया जाएगा।