नई दिल्ली : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ राज्य में रेलवे संपर्क और आधारभूत संरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में रेल नेटवर्क के विस्तार और विकास कार्यों में तेजी लाने पर चर्चा हुई।
बैठक में रावघाट–कोंडागांव–जगदलपुर रेल परियोजना को बस्तर क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क परियोजना बताते हुए इसकी तैयारियां पूरी होने और निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया। इस परियोजना के पूरा होने से बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा गढ़चिरौली–दंतेवाड़ा रेल लिंक परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस रेल संपर्क को क्षेत्रीय विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना गया।
बैठक में डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन परियोजना की भी समीक्षा की गई। तय किया गया कि इस परियोजना को संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) कंपनी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। केंद्र सरकार अपनी इक्विटी हिस्सेदारी उपलब्ध कराएगी, जबकि राज्य सरकार अपनी निर्धारित हिस्सेदारी का योगदान देगी।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और 'स्वर्णिम छत्तीसगढ़' के लक्ष्य को साकार करने के लिए रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से राज्य में आर्थिक गतिविधियों, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।