Home slider

बीरभूम में रेल कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, दो परियोजनाओं की समीक्षा

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बीरभूम जिले में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूर्व रेलवे एवं पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रांतिक–सिउड़ी और सिउड़ी–नाला नई रेल लाइन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। फेयरली प्लेस स्थित पूर्व रेलवे मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, पूर्व रेलवे की जीएम गीतिका पांडेय और बीरभूम के जिलाधिकारी धबल जैन मौजूद रहे। 33.98 किलोमीटर लंबी प्रांतिक–सिउड़ी रेल परियोजना की वर्तमान अनुमानित लागत करीब 1,000 करोड़ रुपये है। परियोजना के तहत प्रांतिक से सिउड़ी के बीच सात स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें पांच नए स्टेशन कस्बा, सालान, मंगलदिही, अविनाशपुर और पुरंदरपुर शामिल हैं। रेल मार्ग करीब 10 ग्राम पंचायतों और 40 गांवों को जोड़ेगा। परियोजना के लिए 250.627 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। वहीं, 73 किलोमीटर लंबी सिउड़ी–नाला रेल परियोजना बीरभूम से झारखंड के जामताड़ा जिले तक जाएगी। मार्ग में बक्रेश्वर धाम और राजनगर जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे। इससे तीर्थ पर्यटन, यात्री आवागमन और अंतरराज्यीय रेल संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि परियोजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के लिए राज्य प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय जारी रखा जाएगा।

SCROLL FOR NEXT