Home slider

रायगंज-दीघा वोल्वो बस सेवा रायगंज से शुरू

सन्मार्ग संवाददाता

कालियागंज : रायगंज-दीघा वोल्वो बस शुरू हो गयी है। शुक्रवार की रात रायगंज शहर के एनबीएसटीसी बस स्टैंड से इस बस सेवा का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उत्तर दिनाजपुर जिला परिषद अध्यक्ष पंपा पाल, निगम उपाध्यक्ष गौतम पाल और रायगंज नगर पालिका प्रशासक संदीप विश्वास मौजूद थे। बता दें कि सेवा के दिन बस की सभी 43 सीटें बुक थीं। अधिकांश यात्री करणदिघी और रायगंज के निवासी हैं। निगम उपाध्यक्ष गौतम पाल अपने परिवार के साथ जगन्नाथ मंदिर के दर्शन के लिए इस बस में सवार होकर दीघा गए थे। बस सप्ताह में सिर्फ दो बार सोमवार और शुक्रवार को शाम 7:30 बजे रायगंज से कोलकाता होते हुए दीघा के लिए रवाना होगी। केवल मंगलवार और शनिवार को दोपहर 3 बजे दीघा से रायगंज के लिए रवाना होगी। रायगंज से बस यात्रा शनिवार से शुरू होने से रायगंज के आम यात्री उत्साहित हैं। एनबीएसटीसी के डिविजनल मैनेजर सुमित भौमिक ने कहा कि रायगंज डिपो के लिए गर्व का दिन है। यह हमारे लिए बहुत बड़ी सौगात है। यात्रियों ने कहा कि पहले एक गाड़ी में दीघा जाने का कोई साधन नहीं था। मुख्यमंत्री ने इस बस के जरिए उस समस्या का समाधान किया है। उत्तर दिनाजपुर के लोगों ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी।


SCROLL FOR NEXT