Home slider

हावड़ा में तृणमूल नेता के घर के बाहर प्रदर्शन, लोगों ने फेंके अंडे

घर में बंद होने को मजबूर हुए सीतानाथ गंगोपाध्याय

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के बाली इलाके में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब स्थानीय लोगों के एक समूह ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सीतानाथ गंगोपाध्याय के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नेता पर कच्चे अंडे फेंके, जिसके बाद वह खुद को बचाने के लिए घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद करने को मजबूर हो गए। घटना बालीखाल स्थित एन. पाल लेन की है, जहां सीतानाथ गंगोपाध्याय का आवास है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी उनके घर के बाहर जमा होकर विभिन्न आरोपों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। जैसे ही सीतानाथ घर से बाहर निकले, प्रदर्शनकारियों ने उनकी ओर कच्चे अंडे फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस विरोध से वह घबरा गए और तुरंत घर के भीतर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी यहीं नहीं रुके। उन्होंने घर के दरवाजे और दीवारों पर भी अंडे फेंके, जिससे पूरे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि सीतानाथ पर इलाके में भ्रष्टाचार, दबंगई और कथित तौर पर अवैध वसूली को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप हैं। प्रदर्शनकारियों ने इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।


SCROLL FOR NEXT