सांकेतिक फोटो  
Home slider

चटर्जीपाड़ा अंडरपास की समस्या दूर करने की तैयारी, रेलवे बनाएगी शेड

दक्षिण पूर्व रेलवे के इंजीनियरों ने किया अंडरपास का निरीक्षण

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दक्षिण-पूर्व रेलवे के हावड़ा-खड़गपुर रेलखंड पर स्थित चटर्जीपाड़ा अंडरपास की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में पहल की गई है। रेलवे के इंजीनियरों की एक टीम ने हाल ही में मौके का निरीक्षण कर अंडरपास के ऊपर शेड बनाने की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान दासनगर ट्रैफिक गार्ड के पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। चटर्जीपाड़ा अंडरपास से प्रतिदिन हजारों पैदल यात्री, साइकिल सवार, बाइक, टोटो और अन्य वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग बेलगछिया मोड़ को हावड़ा-अमता रोड से जोड़ता है, इसलिए सुबह-शाम यहां भारी यातायात रहता है। अंडरपास के ऊपर से जब लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें गुजरती हैं, तो कई बार ट्रेनों से गिरने वाले कचरे, थूक और शौचालय से निकलने वाले अपशिष्ट के कारण राहगीरों को रुकना पड़ता है। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और स्कूल व कार्यालय समय में जाम की स्थिति बन जाती है। इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों ने कई बार दासनगर ट्रैफिक गार्ड के माध्यम से दक्षिण-पूर्व रेलवे को शिकायत भेजी थी। अब रेलवे अधिकारियों ने अंडरपास के नीचे सुरक्षा शेड बनाने का प्रस्ताव तैयार करना शुरू किया है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार शेड बनने से वाहनों की ऊंचाई की सीमा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सड़क की गहराई बढ़ाने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT