मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता मेट्रो के बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट–न्यू गरिया (ऑरेंज लाइन) कॉरिडोर के निर्माण कार्य में बड़ी सफलता मिली है। परियोजना के तीन महत्वपूर्ण सेक्शनों में आ रही तकनीकी और निर्माण संबंधी बाधाओं को अब दूर कर लिया गया है, जिससे पूरे प्रोजेक्ट के काम में तेजी आने की उम्मीद है। शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन पर चिंगड़ीघाटा में 62 मीटर लंबे वायडक्ट गैप का निरीक्षण किया। यह खंड कई वर्षों से अटका हुआ था और न्यू गरिया-एयरपोर्ट मेट्रो कॉरिडोर के पूरा होने में एक बड़ी बाधा बना हुआ था। लगभग डेढ़ दशक से चल रही इस महत्वाकांक्षी मेट्रो परियोजना के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के सूत्रों के अनुसार, ऑरेंज लाइन परियोजना में बाईपास और वीआईपी रोड से जुड़े तीन स्थानों पर निर्माण संबंधी जटिलताएं समाप्त हो गई हैं। इनमें दो हिस्से बाईपास क्षेत्र में तथा तीसरा वीआईपी रोड के हल्दीराम मोड़ के समीप स्थित है। इन स्थानों पर वायडक्ट और एलिवेटेड संरचनाओं के निर्माण में लंबे समय से बाधाएं आ रही थीं, जिसके कारण परियोजना की प्रगति प्रभावित हो रही थी। दरअसल, वर्ष 2023 में न्यू गरिया से एयरपोर्ट तक मेट्रो लाइन को बेलियाघाटा तक विस्तारित किया गया था। हालांकि बाईपास के मेट्रोपोलिटन मोड़ के निकट बेलियाघाटा स्टेशन के पास सड़क से जुड़ी कुछ संरचनात्मक समस्याओं के कारण कार्य रुक गया था। स्टेशन तक यात्रियों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए फुट ओवरब्रिज और अन्य सुविधाओं का निर्माण आवश्यक था। अब इन अड़चनों को दूर कर लिया गया है और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के साथ निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। चिंगड़ीघाटा क्षेत्र में भी जलाशय और आसपास की संरचनाओं के कारण वायडक्ट निर्माण प्रभावित था। अधिकारियों के अनुसार अगले कुछ महीनों में यहां शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसी प्रकार हल्दीराम मोड़ के निकट स्थित एक अन्य महत्वपूर्ण हिस्से में भी तकनीकी चुनौतियों का समाधान कर लिया गया है। इस क्षेत्र में दो बड़े स्तंभों और विशेष संरचनाओं के निर्माण के बाद एयरपोर्ट की दिशा में मेट्रो ट्रैक को जोड़ने का रास्ता साफ हो जाएगा। न्यू गरिया (कवि सुभाष) से नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बनने वाला यह ऑरेंज लाइन कॉरिडोर कोलकाता की सबसे महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं में से एक है। यह लाइन शहर के दक्षिणी हिस्से को सॉल्ट लेक, न्यू टाउन, वीआईपी रोड और एयरपोर्ट से सीधे जोड़ेगी। परियोजना पूरी होने के बाद न्यू गरिया से एयरपोर्ट तक यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और सड़क यातायात पर दबाव भी घटेगा। इस कॉरिडोर के शुरू होने से न्यू टाउन और सॉल्ट लेक के आईटी हब को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होने से यात्रियों, व्यवसायियों और दैनिक आवागमन करने वालों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा क्षेत्र में रियल एस्टेट और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण में आ रही प्रमुख बाधाओं के दूर हो जाने के बाद अब परियोजना को नई गति मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में कोलकाता को एक आधुनिक, तेज और अधिक प्रभावी मेट्रो नेटवर्क का लाभ मिलेगा, जिससे शहर की परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।