मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल हावड़ा स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे सोमवार, 27 जुलाई से नए प्लेटफॉर्म नंबर-24 को यात्री सेवाओं के लिए शुरू करने जा रहा है। सोमवार सुबह लगभग 5 बजे प्लेटफॉर्म का औपचारिक कमीशनिंग किया जाएगा, जिसके बाद यहां से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। पूर्व रेलवे के अनुसार, नया प्लेटफॉर्म 635 मीटर लंबा है और इसे विशेष रूप से 24 कोच वाली मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार किया गया है। इस परियोजना पर 2.69 करोड़ रुपये की लागत आई है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि नए प्लेटफॉर्म के शुरू होने से ट्रेनों के परिचालन में तेजी आएगी, प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम होगी और स्टेशन पर ट्रेन प्रबंधन पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो सकेगा।
60 घंटे के नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक के बाद तैयार हुआ प्लेटफॉर्म
प्लेटफॉर्म-24 को चालू करने के लिए पूर्व रेलवे ने गत 24 जुलाई की शाम 5 बजे से 27 जुलाई की सुबह 5 बजे तक हावड़ा लिंक केबिन में 60 घंटे का नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया। इस दौरान ट्रैक और सिग्नलिंग सिस्टम को नए प्लेटफॉर्म से जोड़ने का कार्य पूरा किया गया। इस तकनीकी कार्य के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया। कोरोमंडल एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस और चेन्नई मेल जैसी प्रमुख ट्रेनों का संचालन हावड़ा के बजाय सांतरागाछी या शालीमार स्टेशन से किया गया। वहीं, कार्य समय पर पूरा करने के लिए 16 ईएमयू उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी रद्द करनी पड़ीं।
यात्रियों को मिलेगी राहत, समयपालन में होगा सुधार
पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर यात्रा के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) पर प्रसारित होने वाली घोषणाओं का पालन करें। रेलवे का कहना है कि प्लेटफॉर्म-24 के शुरू होने से ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। इससे प्लेटफॉर्म पर दबाव कम होगा, ट्रेनों की समयपालन क्षमता में सुधार आएगा और भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। रेलवे को उम्मीद है कि यह नया प्लेटफॉर्म हावड़ा स्टेशन की परिचालन क्षमता को नई मजबूती देगा और लाखों यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा।