मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : लगातार हो रही बारिश के बाद हावड़ा के जगाछा इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। कई रिहायशी इलाकों में सड़कें नालों के गंदे पानी से भर गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात का जायजा लेने के लिए शुक्रवार सुबह शिवपुर के विधायक एवं हावड़ा नगर निगम की संचालन समिति के सदस्य रुद्रनील घोष स्वयं जलभराव वाले इलाके में पहुंचे। रुद्रनील घोष ने जगाछा के साताशी चांगड़ाझोला क्षेत्र का दौरा किया और सड़क पर जमा गंदे पानी में उतरकर स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं। उनके साथ हावड़ा नगर निगम के आयुक्त, इंजीनियर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह इलाका नीचा होने के कारण हर वर्ष बरसात में जलमग्न हो जाता है। इस बार भी लगातार बारिश के चलते नालों का गंदा पानी सड़कों और कई घरों में घुस गया है। स्कूली बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल और कोचिंग जाना पड़ रहा है, जबकि कामकाजी लोग भी इसी पानी से होकर आने-जाने को मजबूर हैं। करीब 500 परिवार जलभराव से प्रभावित बताए जा रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि हर साल कई महीनों तक उन्हें इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। रुद्रनील घोष ने सन्मार्ग से कहा कि उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जलनिकासी की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।