कोलकाता : दक्षिण पूर्व रेलवे के सेंट्रल हॉस्पिटल के दर्द चिकित्सा (पेन मेडिसिन) विभाग ने वेस्ट बंगाल सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ पेन और इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन के संयुक्त सहयोग से 1 से 9 जुलाई 2026 तक एक सप्ताह का मेगा जनस्वास्थ्य एवं दर्द जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस अभियान का समापन 9 जुलाई को गार्डनरीच स्थित सेंट्रल हॉस्पिटल में आयोजित भव्य समारोह के साथ हुआ। यह अभियान ISSP के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर Relieving Pain, Restoring Life (दर्द से राहत, जीवन की बहाली) थीम के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों में लंबे समय तक रहने वाले दर्द (क्रॉनिक पेन) के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें विशेषज्ञ उपचार की जानकारी देना था। अभियान का मुख्य संदेश यदि आप लंबे समय से दर्द से परेशान हैं, तो पेन फिजिशियन से संपर्क करें रहा। इसी उद्देश्य से शहर और आसपास के प्रमुख रेलवे एवं मेट्रो स्टेशनों पर मुफ्त जांच और परामर्श शिविर लगाए गए। अभियान के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे के सांतरागाछी और खड़गपुर स्टेशन, मेट्रो रेलवे के पार्क स्ट्रीट और टॉलीगंज मेट्रो स्टेशन तथा पूर्व रेलवे के सियालदह और हावड़ा स्टेशन पर दर्द संबंधी चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को परामर्श दिया।