कोलकाता : राज्य सरकार द्वारा जिलों से लेकर कोलकाता तक मेगा कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है जहां प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले उनके दर्शन भक्त कर सकेंगे। एक ओर जहां शनिवार को जिलों में दुर्गा पूजा कार्निवल का आयोजन किया गया, वहीं रविवार को रेड रोड पर मेगा कार्निवल का आयोजन किया जायेगा। इस कार्निवल में शारद सम्मान से सम्मानित पूजा कमेटियां हिस्सा लेंगी। करीब 100 से अधिक भव्य प्रतिमाओं के एक साथ श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। रेड रोड कार्निवल में भारी संख्या में विदेशी मेहमान शामिल होंगे जो बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करेंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, संगीत क्रम बद्ध में होंगी। प्रतिमाओं का विसर्जन इसके बाद किया जाएगा। इससे पहले शनिवार को रेड रोड पर कार्निवल की अंतिम तैयारी की गयी। इस दिन डोना गांगुली ने स्टूडेंट्स के साथ फाइनल रिहर्सल किया।
कार्निवल के लिए भारी उत्साह
राज्य सरकार द्वारा पिछले कुछ वर्षों से दुर्गा पूजा कार्निवल किया जा रहा है। इसे लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता है। लोगों की काफी भीड़ रेड रोड पर कार्निवल देखने को उमड़ती है। यहां लोगों को एक ही स्थान से शहर की 100 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन हो जाते हैं जिस कारण यहां आने के लिए लोग काफी उत्साहित रहते हैं। विदेशों से भी काफी लोग कार्निवल देखने के लिए आते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था होगी कड़ी
रेड रोड पर पूजा कार्निवल को लेकर पूरे राजपथ व घाटों तक भारी संख्या में पुलिसों की तैनाती होगी। सूत्रों ने बताया कि करीब 5 - 8 हजार की संख्या में पुलिस कर्मी तैनात होंगे। वहीं सीसीटीवी से लेकर वॉच टॉवर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे।