Home slider

भारत-बांग्लादेश के बीच मैत्री, बंधन और मिताली एक्सप्रेस फिर दौड़ने को तैयार

पूर्व रेलवे ने पूरी की तैयारी

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारत और बांग्लादेश के बीच सीधी रेल संपर्क सेवा जल्द बहाल होने की उम्मीद बढ़ गई है। पूर्व रेलवे (ईस्टर्न रेलवे) ने स्पष्ट किया है कि वह मैत्री एक्सप्रेस, बंधन एक्सप्रेस और मिताली एक्सप्रेस के संचालन को फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, ट्रेनों के परिचालन की तिथि को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और दोनों देशों के बीच इस संबंध में कूटनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जैसे ही दोनों देशों की सरकारें ट्रेन संचालन की अनुमति देंगी, सेवाएं तुरंत शुरू की जा सकती हैं। अधिकारी के अनुसार, मैत्री और बंधन एक्सप्रेस के रेक फिलहाल कोलकाता में मौजूद हैं, जबकि मिताली एक्सप्रेस के रेक भी भारत में सुरक्षित रखे गए हैं। सभी रेक और कोचों की नियमित सफाई और रखरखाव किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ते ही उन्हें परिचालन में लाया जा सके। गौरतलब है कि बांग्लादेश में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद भारतीय रेलवे ने मैत्री, बंधन और मिताली एक्सप्रेस का परिचालन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया था।

पर्यटक वीजा बहाल होने से बढ़ी उम्मीद

दोनों देशों के बीच रेल सेवा बहाल करने की कवायद ऐसे समय तेज हुई है, जब भारत ने लगभग दो वर्षों के अंतराल के बाद बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा जारी करना फिर से शुरू किया है। वीजा सेवा शुरू होने के 24 घंटे के भीतर ही बांग्लादेश के वीजा केंद्रों पर भारी भीड़ देखी गई। विशेष रूप से इलाज के लिए बड़ी संख्या में कोलकाता आने वाले बांग्लादेशी नागरिक रेल सेवा के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि हवाई यात्रा काफी महंगी है।

मिताली एक्सप्रेस के रेक पहले ही लौट चुके हैं

दिसंबर 2024 में भारत और बांग्लादेश के विदेश सचिवों की ढाका में हुई बैठक के बाद न्यू जलपाईगुड़ी–ढाका के बीच चलने वाली मिताली एक्सप्रेस के रैक लगभग पांच महीने बाद भारत वापस लाए गए थे। बांग्लादेश का इंजन चिलाहाटी सीमा से भारत में प्रवेश कर रेक को हल्दीबाड़ी स्टेशन पर छोड़कर लौट गया था। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सभी रेक अच्छी स्थिति में हैं और उनका प्रतिदिन रखरखाव किया जा रहा है। जैसे ही दोनों देशों के बीच अंतिम सहमति बनती है, भारत-बांग्लादेश के बीच रेल सेवाओं को तत्काल बहाल किया जा सकता है।


SCROLL FOR NEXT