Home slider

महाराजा अग्रसेन धाम का कवि सम्मेलन 1 मार्च को

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महाराजा अग्रसेन धाम के तत्वावधान में हिंदी काव्य की समृद्ध परंपरा, शब्दों की मधुर शक्ति से अनुप्राणित एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन आगामी 1 मार्च 2026 (रविवार) को कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है। धनधान्य ऑडिटोरियम, अलीपुर में आयोजित इस विशेष कवि सम्मेलन में हिंदी काव्य-जगत के सुप्रसिद्ध, जन-जन के हृदय में प्रतिष्ठित माँ सरस्वती के वरद पुत्र कुमार विश्वास अपनी हास्यप्रधान कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। महाराजा अग्रसेन धाम, हावड़ा जनपद अंतर्गत बगनान में स्थित, पूर्वी भारत के अग्रवाल समाज की एक गौरवशाली एवं प्रतिनिधि संस्था है। यह धाम सेवा, संस्कार और समाजोत्थान की जीवंत साधना का केंद्र है। वर्ष 2015 में पश्चिम बंगाल के तत्कालीन राज्यपाल माननीय श्री केशरीनाथ त्रिपाठी जी के करकमलों द्वारा 13 सेवामूलक प्रकल्पों के शिलान्यास और महाराजा अग्रसेन मेडिकल सेंटर के उद्घाटन के साथ इस धाम की सेवा-यात्रा को नई दिशा मिली। वर्तमान में चिकित्सा, दिव्यांग सेवा, मनोविकास, कौशल विकास और सामाजिक उत्थान से जुड़े अनेक प्रकल्प निरंतर संचालित हो रहे हैं। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन धाम की प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके सभापति ओम जालान ने कहा कि “कुमार विश्वास की वाणी युवाओं और समाज को राष्ट्रबोध से जोड़ने का कार्य करती है।” धाम के महासचिव निर्मल सराफ ने बताया कि “यह कवि सम्मेलन साहित्य और समाज के बीच सेतु का कार्य करेगा।” धाम के कोषाध्यक्ष अनिल केडिया ने विश्वास जताया कि “कोलकाता का साहित्य-प्रेमी समाज इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएगा।” आयोजन समिति के पदाधिकारी एन.के.अग्रवाल, रमेश सोंथालिया तथा विक्कीराज सिकरिया ने कहा कि “इस आयोजन के माध्यम से हम नई पीढ़ी को हिंदी भाषा, साहित्य और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना चाहते हैं।”


SCROLL FOR NEXT