लिलुआ : पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के मार्गदर्शन में, सवारी एवं मालडिब्बा कारखाना, लिलुआ ने गार्डिनर रोड स्थित खूबसूरत केला बागान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 1,200 से अधिक पर्यवेक्षकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कारखाना प्रबंधक, लिलुआ (सीडब्ल्यूएम/एलएलएच) श्री यतीश कुमार द्वारा प्रसिद्ध योग गुरु श्री भूपेन्द्र शुक्लेश के स्वागत के साथ हुआ। इस वर्ष की आधिकारिक थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" के अनुरूप, श्री शुक्लेश ने विशाल जनसमूह को ताड़ासन, भुजंगासन, मकरासन, योग निद्रासन तथा निर्देशित ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर योग एवं आध्यात्मिकता का अभ्यास भावनात्मक संतुलन, एकाग्रता तथा पारस्परिक सौहार्द को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य) एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का समापन कर्मचारियों द्वारा योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा दीर्घकालिक स्वास्थ्य एवं ऊर्जा के लिए नियमित रूप से अपनाने की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ हुआ।
इस पहल के प्रभाव को रेखांकित करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा-"योग समग्र कल्याण के लिए एक सशक्त माध्यम है, और आज इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह प्रमाणित करती है कि पूर्व रेलवे तनाव-मुक्त, स्वस्थ और अत्यधिक प्रेरित कार्यबल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।"