file photo of metro train 
Home slider

‘जिंदगी अनमोल है’: ब्लू लाइन में सुसाइड की घटनाओं को रोकने का संदेश

एफएम के सहयोग से मेट्रो का संवेदनशील कदम

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो रेलवे ने यात्रियों के बीच बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एफएम के साथ मिलकर एक अहम पहल की है। मेट्रो ने उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर (ब्लू लाइन) में एफएम के माध्यम से एक विशेष ऑडियो संदेश प्रसारित करना शुरू किया है, जिसमें लोगों से आत्मघाती कदम नहीं उठाने की अपील की जा रही है। यह पहल बीते तीन महीनों में ब्लू लाइन पर सामने आए आत्महत्या के कई प्रयासों की पृष्ठभूमि में की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में 3, दिसंबर में 2, जनवरी में 3 और फरवरी में दो आत्महत्या के प्रयास हुए। इन 10 मामलों में से अधिकांश यात्रियों को बचाया नहीं जा सका। इस संदेश में कहा गया है कि आत्महत्या केवल एक व्यक्तिगत फैसला नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक बीमारी है, जो परिवार और समाज पर गहरा मानसिक आघात छोड़ती है। संदेश में लोगों से किसी भी तरह की जल्दबाजी इस तरह के कदम नहीं उठाने की अपील की गई है। ऑडियो संदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति गंभीर मानसिक संकट से गुजर रहा है, तो वह 24 घंटे उपलब्ध काउंसिलरों से संपर्क करे।

संदेश में जीवन की सुंदरता बतायी गयी है : बंगाली भाषा में रिकॉर्ड किए गए इस संदेश में एक पुरुष स्वर के साथ हल्का सुकून देने वाला संगीत भी शामिल है, ताकि यात्रियों को मानसिक रूप से शांत किया जा सके। संदेश में जीवन की सुंदरता और उसकी असीम संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा गया है कि जीवन समाप्त करना किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। हर संकट का सामना किया जा सकता है और उसे पार भी किया जा सकता है।

मेट्रो की ओर से उठाये गये कदम : इसके लिए प्लेटफार्म पर नजर आनेवाले संदीग्ध व्यक्ति पर आरपीएफ और स्टाफ के जरिये नजर, नुकड़ नाटक, हेल्पलाइन नंबर मेट्रो स्टेशनों पर लगाए गए पोस्टर, बैनर और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए हैं। मेट्रो प्रशासन ने बताया कि कोलकाता मेट्रो समय-समय पर विभिन्न स्टेशनों पर एंटी-सुसाइड कैंप भी आयोजित करती है, जहां लोग काउंसिलरों से सीधे बातचीत कर सकते हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यदि वे किसी को भी आत्मघाती विचारों से जूझते देखें, तो मेट्रो कर्मचारियों को तुरंत सूचित करें।

SCROLL FOR NEXT