मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सोमवार को शहर के तापमान में एक ही रात में लगभग दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में दक्षिण बंगाल में ठंड और तेज हो सकती है तथा तापमान में तीन से चार डिग्री तक और गिरावट की संभावना है। सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। इसके एक दिन पहले, रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री था, जो सामान्य से अधिक रहा था। यानी महज एक रात में पारा दो डिग्री से ज्यादा गिर गया। दिन के तापमान की बात करें तो सोमवार को अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5.9 डिग्री कम है। रविवार को भले ही न्यूनतम तापमान बहुत नीचे न गया हो, लेकिन दिनभर धूप नहीं निकलने के कारण ठंड का अहसास बना रहा। सुबह से ही कोहरे की चादर छाई रही और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी दोपहर तक हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है, जबकि शाम के बाद आसमान साफ हो सकता है। दक्षिण बंगाल में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन कोहरे के कारण कई जिलों में दृश्यता घटकर 999 मीटर से 200 मीटर तक रह सकती है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के रास्ते में फिलहाल कोई बाधा नहीं है, जिससे तापमान में और गिरावट की आशंका बनी हुई है। उत्तर बंगाल में मौसम का मिजाज अलग रहेगा। दार्जिलिंग में हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा जलपाईगुड़ी और कलिम्पोंग में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल के सभी जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जहां दृश्यता कई जगहों पर 199 मीटर से घटकर 50 मीटर तक रह सकती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दक्षिण बंगाल में अगले तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इसके बाद तीन-चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कुल मिलाकर, अगले पांच दिनों तक दक्षिण बंगाल में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री नीचे बना रहेगा। उत्तर बंगाल में भी अगले तीन दिनों में दो से तीन डिग्री तक पारा गिरने के आसार हैं, जिसके बाद रात के तापमान में स्थिरता आ सकती है। सोमवार को कोलकाता में शीतलहर जैसी स्थिति भी देखने को मिली।
आगामी दो दिन का मौसम का भी आंकड़ा
यह रहा कोलकाता के अगले दो दिनों का मौसम का ताजा पूर्वानुमान
मंगलवार यानी आज
अधिकतम तापमान : लगभग 21°C
न्यूनतम तापमान : लगभग 12°C
मौसम सामान्यतः साफ रहेगा, हल्का धुंध/हैज रहने की संभावना।
बुधवार
अधिकतम तापमान : लगभग 21°C
न्यूनतम तापमान : लगभग 12°C
मौसम फिर से मुख्यतः साफ और धुंध के साथ रहने का अनुमान।