Home slider

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के खिलाफ कोलकाता पुलिस का मेगा अभियान

सड़कों पर उतरेगा ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों एवं साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कोलकाता पुलिस सोमवार से एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। पुलिस की विशेष महिला वाहिनी ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ (जिसे पहले 'विनर्स' टीम के नाम से जाना जाता था) इस 30 दिवसीय विशेष अभियान की कमान संभालेगी। लालबाजार (कोलकाता पुलिस मुख्यालय) ने इस अभियान के लिए शहर के 120 महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित किया है।

बनाई गई संयुक्त गश्ती टीमें, 60 थानों में चलेगा अभियान

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ की महिला सदस्य स्कूटी पर सवार होकर दिन-रात सड़कों पर हुड़दंगियों और मनचलों से महिलाओं की सुरक्षा के लिए गश्त करती थीं। लेकिन अब लालबाजार के शीर्ष अधिकारियों ने उन्हें एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस अभियान के तहत एक 'संयुक्त गश्ती टीम' (जॉइंट पेट्रोलिंग टीम) बनाई गई है। इस टीम में स्थानीय थानों के अलावा साइबर थाना, महिला थाना और पुलिस के विशेष महिला सेल के अधिकारी भी शामिल होंगे। यह अभियान शहर के कुल 60 थाना क्षेत्रों में चलाया जाएगा।

वीडियो क्लिप और लीफलेट के जरिए फैलेगी जागरूकता

अभियान के दौरान दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड की टीमें चुनिंदा व्यस्त इलाकों और मोड़ों पर जाकर आम लोगों और राहगीरों के बीच लीफलेट (परचे) बांटेंगी। जागरूकता बढ़ाने के लिए लाउडस्पीकर (माइक) से प्रचार किया जाएगा और सड़क किनारे बड़ी स्क्रीन लगाकर छोटी वीडियो क्लिपिंग्स भी दिखाई जाएंगी। इस दौरान पुलिस की टीम मौके पर मौजूद नागरिकों से बातचीत करेगी और उनके सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं को दूर करेगी। इस अभियान के लिए लालबाजार ने 10 विशेष स्कूटी और एक गाड़ी को पूरी तरह तैयार रखा है। साथ ही संबंधित थानों और खुफिया विभाग की महिला टीमें भी गाड़ियों के साथ इनके सहयोग के लिए मुस्तैद रहेंगी।

सीपी को सौंपी जाएगी फीडबैक रिपोर्ट

इस पूरे अभियान की निगरानी लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। किस इलाके की कमान कौन सा अधिकारी संभालेगा, इसकी सूची जारी कर दी गई है। अभियान के दौरान आम जनता की प्रतिक्रिया कैसी रही, यह मुहिम कितनी प्रभावी रही और इसका समाज पर क्या असर पड़ा, इन सब बातों को लेकर अधिकारी एक फीडबैक रिपोर्ट तैयार करेंगे, जिसे सीधे पुलिस कमिश्नर (सीपी) को सौंपा जाएगा।

19 अगस्त तक चलेगा अभियान, शेड्यूल तय

यह अभियान सोमवार से शुरू होकर 19 अगस्त तक चलेगा। हर दिन विभिन्न डिवीजनों के दो थाना क्षेत्रों के कुल चार स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित होगा। लालबाजार ने इसका पूरा शेड्यूल थानों को भेज दिया है। सोमवार को जाधवपुर थाना क्षेत्र के 8बी बस स्टैंड व साउथ सिटी मॉल और लेक थाना क्षेत्र के प्रिंस अनवर शाह रोड व गोविंदपुर रोड की बस्तियों में अभियान चलेगा। मंगलवार को उत्तर कोलकाता के श्यामपुकुर और मध्य कोलकाता के बड़ाबाजार इलाके में प्रचार किया जाएगा। अगले महीने इस अभियान का समापन गोल्फ ग्रीन और तिलजला इलाके में होगा।

अपराध के खिलाफ आवाज उठाने की अपील

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस टीम लोगों को बताएगी कि महिलाओं के खिलाफ कौन-कौन से अपराध होते हैं और दोषियों को क्या सजा मिल सकती है। विशेष रूप से नाबालिगों के साथ होने वाले अत्याचारों पर कानून में कितनी सख्त सजा का प्रावधान है, इसकी जानकारी दी जाएगी। पुलिस महिलाओं से अपील करेगी कि वे किसी भी अत्याचार के खिलाफ चुप न रहें, बल्कि खुलकर विरोध करें एवं तुरंत 100 डायल या पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें। इसके साथ ही पड़ोसियों और स्थानीय निवासियों से भी अनुरोध किया जाएगा कि वे किसी महिला पर हो रहे अत्याचार को देखकर मूकदर्शक न बनें, बल्कि आवाज उठाएं। इसके अलावा, साइबर अपराधों के नए तौर-तरीकों, उनसे बचने के उपायों और 'गोल्डन ऑवर' (अपराध के ठीक बाद का महत्वपूर्ण समय) के भीतर किस नंबर पर शिकायत दर्ज करानी है, इसके बारे में भी विस्तार से समझाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस एक महीने के चरण के बाद, अगले चरण का शेड्यूल भी जल्द जारी किया जाएगा।


SCROLL FOR NEXT