Home slider

1 जनवरी से खुल सकता है कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन, बारिश ने बढ़ाई चिंता

Megha

कोलकाता : करीब एक साल से बंद कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन को नए साल के मौके पर यात्रियों के लिए फिर से खोलने की तैयारी चल रही है। रेलवे बोर्ड ने 1 जनवरी 2027 से स्टेशन पर मेट्रो सेवा शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हालांकि, पिछले करीब दो महीनों से लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होने से निर्धारित समय पर स्टेशन चालू होने को लेकर संशय बना हुआ है। दरअसल, 28 जुलाई 2025 से ब्लू लाइन का कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन बंद है। प्लेटफॉर्म के पिलर में दरार समेत कई ढांचागत समस्याएं सामने आने के बाद पूरे स्टेशन को तोड़कर नए सिरे से बनाने का फैसला लिया गया था। उस समय करीब 8-9 महीने में काम पूरा कर स्टेशन को फिर से खोलने की बात कही गई थी, हालांकि, एक साल से अधिक समय बीतने के बावजूद निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है।

युद्धस्तर पर चल रहा निर्माण कार्य

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, पुराने स्टेशन को तोड़ने का काम पूरा हो चुका है और नए स्टेशन के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। स्टेशन निर्माण के लिए अंडरग्राउंड पाइलिंग का काम भी पूरा हो चुका है। यात्रियों को नए साल का तोहफा देने के उद्देश्य से अतिरिक्त कर्मचारियों को काम पर लगाया गया है और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

बारिश बनी सबसे बड़ी चुनौती

अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो महीनों में लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई है। नए स्टेशन में अभी काफी काम बाकी है। ऐसे में 1 जनवरी तक काम पूरा कर मेट्रो सेवा शुरू करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। कवि सुभाष स्टेशन ब्लू लाइन के दक्षिणी छोर का अंतिम स्टेशन है और गरिया सहित आसपास के बड़े इलाके के लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रदान करता है। स्टेशन बंद होने से यात्रियों को नजदीकी शहीद खुदीराम स्टेशन तक पहुंचने के लिए ऑटो बदलना पड़ रहा है। इससे उनका समय और यात्रा खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। स्टेशन बंद होने का असर ऑरेंज लाइन की यात्री संख्या पर भी पड़ा है। न्यू गरिया से यात्रियों की आवाजाही कम होने के कारण न्यू गरिया-बेलेघाटा मार्ग पर चलने वाली मेट्रो को अपेक्षित यात्री नहीं मिल रहे हैं। अब मेट्रो प्रबंधन की कोशिश है कि साल के अंत तक निर्माण कार्य पूरा कर 1 जनवरी 2027 से कवि सुभाष स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाए।

SCROLL FOR NEXT