Home slider

लिलुआ में सड़कों का जायजा लेने मैदान में उतरे कैलाश मिश्रा

76 सड़कों के सुधार कार्य की शुरुआत

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : बाली विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खराब सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों में बढ़ते असंतोष के बीच आखिरकार प्रशासन ने ठोस कदम उठाया है। क्षेत्र की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक स्वयं सड़कों पर उतरे और स्थानीय निवासियों से बातचीत की। इसके बाद लिलुआ इलाके में कुल 76 सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई। इसमें चटर्जीपाड़ा, धर्मतल्ला स्ट्रीट, बाली गोस्वामी पाड़ा रोड, रवींद्र सरणी रोड आदि शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान तृणमूल युवा जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा के साथ नगरपालिका के अधिकारी, अभियंता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। टूटी-फूटी सड़कों, गड्ढों और बरसात के समय जलजमाव के कारण आमजन, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई इलाकों में एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी दिक्कत हो रही थी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पहले चरण में सबसे ज्यादा जर्जर सड़कों को चिह्नित किया गया है। इन सड़कों पर पैचवर्क, पिचिंग और जरूरत पड़ने पर पूर्ण रूप से सड़क के पुनर्निर्माण का काम किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर दिया गया है और अलग-अलग वार्डों में चरणबद्ध तरीके से काम शुरू होगा। कैलाश मिश्रा ने कहा कि लिलुआ के नागरिक लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की मांग कर रहे थे। केएमडीए की ओर से काम करवाया जा रहा है। कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके।

SCROLL FOR NEXT