झारखंड पुलिस 
Home slider

न्यूटाउन के सीसी ब्लॉक में झारखंड पुलिस की छापेमारी

गोली चलने की सूचना से दहशत, कई लोग हिरासत में

आनंद मोहन, सन्मार्ग संवाददाता

बिधाननगर : न्यूटाउन के सीसी ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में झारखंड पुलिस द्वारा की गई अचानक छापेमारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कार्रवाई के दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई देने का दावा स्थानीय लोगों ने किया है। पुलिस फ्लैट से कई संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए न्यूटाउन थाने ले गई। साथ ही झारखंड नंबर का एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उक्त फ्लैट में सात से आठ लोग एक साथ रह रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने के कारण आसपास के लोगों के मन में पहले से ही शंका उत्पन्न हो रही थी। शनिवार को झारखंड पुलिस की एक टीम अचानक फ्लैट पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गोली किसने चलाई और इसके पीछे क्या कारण था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। छापेमारी के बाद पुलिस फ्लैट में मौजूद कई लोगों को हिरासत में लेकर न्यूटाउन थाने पहुंची। उनके उपयोग में लाई जा रही झारखंड नंबर वाली एक चारपहिया गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि झारखंड पुलिस किस मामले की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई कर रही थी। न्यूटाउन थाना पुलिस और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


SCROLL FOR NEXT