सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: जादवपुर में पूर्व विधायक एवं मेयर परिषद सदस्य देवव्रत (मलय) मजूमदार और 102 नंबर वार्ड की पार्षद सीमा घोष के घर पर शनिवार शाम तोड़फोड़ और लूटपाट किए जाने का आरोप लगा है। विजयगढ़ इलाके में एक समूह पर हमले का आरोप है। आरोप है कि बदमाश मलय मजूमदार के घर में घुसकर तोड़फोड़ करने के साथ उनके भाई और भाभी के साथ भी मारपीट की। घटना को लेकर पूर्व विधायक की ओर से जादवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मलय मजूमदार ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता अनुपम तालुकदार और सजल बसु के नेतृत्व में उनके घर पर हमला और तोड़फोड़ की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने धमकी दी कि नगर निकाय चुनाव होने तक इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय नहीं खोले जा सकेंगे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसी तरह सीमा घोष के घर में घुसकर तृणमूल की महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। आरोप है कि आनंदपल्ली, विजयगढ़ और बाघाजतीन डी ब्लॉक समेत चार तृणमूल कांग्रेस कार्यालयों में पहले तोड़फोड़ की गई और बाद में उनमें ताला लगा दिया गया। सीमा घोष का आरोप है कि उन्हें नगर निकाय चुनाव तक इलाके से बाहर चले जाने की धमकी दी गई। साथ ही भाजपा अथवा राज्य सरकार के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं करने के लिए भी कथित तौर पर धमकाया गया। दूसरी ओर, भाजपा की ओर से इन घटनाओं में पार्टी के किसी नेता या कार्यकर्ता के शामिल होने से इनकार किया गया है। भाजपा का दावा है कि घटना के पीछे पार्टी का कोई हाथ नहीं है और स्थानीय लोगों के आक्रोश के कारण ऐसी घटना हुई हो सकती है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।