10 दिनों में प्रमुख तीर्थों की यात्रा
कोलकाता : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी), रेल मंत्रालय के अधीन नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम ने भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से एक नई पर्यटन परिक्रमा “डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर” की शुरुआत की है। यह विशेष 10 दिवसीय रेल आधारित यात्रा 9 मार्च को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और 18 मार्च को दिल्ली लौटेगी। इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के अंतर्गत यात्रियों को वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिल्का तथा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जैसे प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा में वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं गंगा आरती, कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल, कालीघाट (शक्ति पीठ) और दक्षिणेश्वर काली मंदिर, गंगासागर में सागर संगम पर पवित्र स्नान व कपिल मुनि मंदिर दर्शन प्रमुख आकर्षण हैं। इसके अलावा पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर का धौली शांति स्तूप, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं, कोणार्क सूर्य मंदिर (यूनेस्को विश्व धरोहर) और चिल्का झील भी यात्रा में शामिल हैं। अंत में यात्रियों को देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। भारत गौरव डीलक्स ट्रेन में 150 यात्रियों की क्षमता है, जिसमें एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के साथ दो रेस्टोरेंट कोच उपलब्ध हैं।