Home slider

ट्रेनों में अनधिकृत जल-खाद्य पर आईआरसीटीसी की सख्ती

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: ट्रेनों और स्टेशनों पर अनधिकृत पानी, खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थों की बिक्री पर भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने निगरानी बढ़ा दी है। इसके लिए विभिन्न जोन और डिवीजन में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) सक्रिय की गई है। टीमें रेलवे के वाणिज्यिक विभाग के साथ मिलकर नियमित जांच के अलावा अचानक छापेमारी भी कर रही हैं। आईआरसीटीसी के अनुसार, नॉर्दर्न जोन में अब तक 8,349 बोतल अनधिकृत पानी जब्त किया गया है। 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच लखनऊ क्षेत्र में 117 ट्रेनों की जांच कर 5,241 बोतल पानी बरामद किया गया। वहीं, 10 अगस्त को अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, कटरा और जम्मू समेत कई स्टेशनों पर 51 ट्रेनों की जांच में 3,108 बोतल जब्त की गईं। कार्रवाई केवल पानी तक सीमित नहीं है। अंबाला में अनधिकृत आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क के 13 कार्टन जब्त किए गए। साहारनपुर में भी आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पैकेज्ड पानी पकड़ा गया। पश्चिमी जोन के साबरमती ब्रॉडगेज स्टेशन पर भी अनधिकृत पानी और बटरमिल्क बरामद हुआ। 8 अगस्त को हावड़ा में क्यूआरटी और वाणिज्यिक विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अनधिकृत खाद्य व पेय पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए। आईआरसीटीसी ने कहा है कि बिना अनुमति सामान बेचने या स्टॉक करने वाली कैटरिंग एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। यात्रियों से भी खरीदारी से पहले पैकेट, कीमत और उत्पाद की जानकारी जांचने की अपील की गई है।


SCROLL FOR NEXT