Home slider

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत हावड़ा मंडल ने चलाये जागरूकता व कल्याणकारी कार्यक्रम

सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर, स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक व डस्टबिन जागरूकता कार्यक्रम

Megha

हावड़ा : स्वच्छता ही सेवा (SHS) 2026 अभियान के तहत पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल की ओर से विभिन्न स्टेशनों और रेलवे परिसरों में जागरूकता एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किये गये। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ रेलवे के सफाई कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान सुनिश्चित करना रहा।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

हावड़ा के बोरो घोड़ी स्थित हावड़ा ओल्ड कॉम्प्लेक्स में स्वच्छता ही सेवा विषय पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया। इसके माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों से रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की गयी।

सफाई मित्रों को पीपीई व सुरक्षा उपकरण

हावड़ा मंडल की ओर से बामनगाछी, आजिमगंज और बंडेल में ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’ भी आयोजित किये गये। शिविरों में सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाये गये तथा उन्हें पीपीई किट और आवश्यक सुरक्षा उपकरण वितरित किये गये। इस पहल के जरिए सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और गरिमा के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

डस्टबिन के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता

इसके अलावा बंडेल स्टेशन एवं कॉलोनी, रामपुरहाट और हावड़ा में डस्टबिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये। यात्रियों और रेलवे समुदाय के लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा डस्टबिन का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

हावड़ा मंडल के अनुसार, इन पहलों के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश को मजबूत करने और रेलवे परिसर में स्वच्छता, जिम्मेदारी तथा परस्पर सहयोग की संस्कृति विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT