Home slider

हावड़ा में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

3 देसी पिस्तौल समेत 18 कारतूस बरामद

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा सिटी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन इम्प्रोवाइज्ड कंट्री-मेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार मैगजीन और 18 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा सिटी पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने 2 सितंबर को गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के पंजाब लाइन स्थित 24/1 बस स्टैंड के पास अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अहसान यूसुफ (38) और अबुल हसन उर्फ नाटा (45) के रूप में हुई है। अहसान यूसुफ गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के नंदा घोष रोड का रहने वाला है, जबकि अबुल हसन उर्फ नाटा पिलखाना इलाके के मदरतला लेन का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने लोहे की बॉडी वाली करीब 20 सेंटीमीटर लंबी तीन देसी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार मैगजीन और “KF 7.65” मार्किंग वाले 18 जिंदा कारतूस बरामद किए। दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में गोलाबाड़ी थाने में विशिष्ट धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से लाए गए थे और इनके पीछे किसी बड़े अवैध हथियार नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। हावड़ा सिटी पुलिस ने कहा है कि अवैध हथियारों की तस्करी और आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की पहचान कर उसे पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT