Home slider

रील बनाने के लिए गंगा में कूदा युवक

रामकृष्णपुर घाट पर हादसा

सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट पर बुधवार दोपहर एक युवक दोस्तों के सामने गंगा में छलांग लगाने के बाद तेज धारा में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने गंगा में तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था। लापता युवक की पहचान शेख मोहम्मद तौहीद आक्रम उर्फ कैफी के रूप में हुई है। वह हावड़ा के शिवपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कैफी बुधवार को दोस्तों के साथ चाय पीने निकला था। रामकृष्णपुर घाट पहुंचने के बाद उसने गंगा में उतरने की इच्छा जताई। दोस्तों ने खराब मौसम और नदी की तेज धारा को देखते हुए उसे कई बार ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। बताया गया कि युवक ने अपने दोस्तों को मोबाइल फोन थमाया और कपड़े पहने हुए ही गंगा में छलांग लगा दी। दोस्त उस दौरान वीडियो बना रहे थे। कुछ देर तक युवक पानी में तैरता और अलग-अलग अंदाज में रील के लिए वीडियो बनाता रहा। इसके बाद तेज बहाव के कारण वह असंतुलित होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने घाट की चेन पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। कुछ देर बाद वह गंगा के पानी में डूबता दिखाई दिया।

SCROLL FOR NEXT