सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : घुसुड़ी स्थित टीएल जायसवाल सरकारी अस्पताल में शनिवार शाम अचानक बिजली गुल होने से अफरातफरी की स्थिति बन गई। करीब शाम 6 बजे हुई लोडशेडिंग के बाद अस्पताल के विभिन्न वार्डों के साथ आपातकालीन विभाग में भी अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लिफ्ट भी बंद हो गई। इससे मरीजों, उनके परिजनों के साथ डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में बिजली गुल होने के बाद जेनरेटर से वैकल्पिक आपूर्ति की व्यवस्था होनी थी, लेकिन जेनरेटर खराब होने के कारण वह काम नहीं कर सका। ऐसे में अस्पतालकर्मियों ने मोमबत्ती जलाकर और मोबाइल की फ्लैशलाइट का इस्तेमाल कर मरीजों को सेवा देने की कोशिश की। अचानक अस्पताल में अंधेरा छा जाने से कई मरीजों के परिजन भी घबरा गए।मरीजों के परिजनों ने अस्पताल परिसर में अंधेरे के कारण आवाजाही में परेशानी और हादसे की आशंका जताई। अस्पताल प्रबंधन ने बिजली बाधित होने से सेवा प्रभावित होने की बात स्वीकार की। अस्पताल के अधिकारी किशलय ने बताया कि जेनरेटर खराब होने के कारण समस्या हुई। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जेनरेटर किराये पर लेने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये मिले हैं। इस राशि का इस्तेमाल अस्पताल के विद्युत ढांचे को बेहतर बनाने में भी किया जाएगा।