सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : शादी के दौरान दहेज के रूप में 10 लाख रुपये की मांग की गयी। दुल्हन का परिवार बड़ी मुश्किल से 5 लाख रुपये जुटा पाया। यह विवाह लड़की के माता-पिता के अनुरोध पर हुआ लेकिन आरोप है कि बाकी 5 लाख रुपये पाने के लिए दुल्हन को लगातार प्रताड़ित किया गया। ससुराल वाले नवविवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। यह भी आरोप है कि पिटाई से युवती के कान का पर्दा फट गया। बताया जा रहा है कि दुल्हन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना हावड़ा के कालीबाबू बाजार के चौधरी बागान इलाके की है। घटना के संबंध में पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। बता दें कि इस साल फरवरी में हावड़ा के बांकड़ा के सलप की रहने वाली राखी की शादी हावड़ा के कालीबाबू बाजार इलाके के चौधरी बागान निवासी समीर साहू से हुई थी। दूल्हे के परिवार ने शादी के लिए दहेज के रूप में 10 लाख रुपये की मांग की थी। शादी के समय 5 लाख रुपये दिये गये थे। आरोप है कि जब दुल्हन पक्ष ने शेष 5 लाख रुपये नहीं दिये तो उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। उस पर अपने माता-पिता के घर से पैसे लाने का दबाव दिया जाने लगा। राखी पर बार-बार यह दबाव बनाया गया। इस बीच, मायके वाले इतनी रकम देने में असमर्थ थे। आरोप है कि ऐसी स्थिति में दुल्हन पर अत्याचार बढ़ता ही गया। आरोप है कि कुछ दिन पहले जो यातनाएं दी गईं, वह सब से बढ़कर थीं। आरोप है कि कुछ दिन पहले युवती को उसके पति, देवर और सास ने मिलकर बुरी तरह पीटा था। पिटाई के कारण उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोटें आई हैं। बताया जाता है कि वह एक कान से सुन नहीं पा रही है। पिटाई की जानकारी मिलने पर उसके पिता के घर के लोगों ने उसे ससुराल से बचाया और हावड़ा अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि उसके एक कान का पर्दा क्षतिग्रस्त हो गया था। पीड़ित लड़की के पिता, माता और एक भाई हैं। बहन की शादी हिंदू रीति रिवाजों से हुई। युवती के पिता लक्ष्मण साहू पेशे से ड्राइवर हैं। ससुराल वालों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गयी। हावड़ा सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि आवश्यक हुआ तो पति सहित ससुराल वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपित पति समीर फरार है।