हुगली : तृणमूल कांग्रेस संचालित मगरा-2 ग्राम पंचायत पर अब भाजपा का कब्जा हो गया है। सोमवार को प्रधान जयश्री पाल के खिलाफ लाए गए अनास्था प्रस्ताव पर मतदान में सभी 12 उपस्थित सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इसके बाद जयश्री पाल को प्रधान पद से हटा दिया गया और अपर्णा मालो को नया प्रधान चुना गया। मतदान के बाद पंचायत कार्यालय के सामने भाजपा समर्थकों ने भगवा अबीर उड़ाकर जीत का जश्न मनाया।
मगरा-2 ग्राम पंचायत में कुल 19 सदस्य हैं, जिनमें छह भाजपा और बाकी तृणमूल कांग्रेस के सदस्य हैं। करीब एक महीने पहले प्रधान जयश्री पाल के खिलाफ सदस्यों के एक हिस्से ने अनास्था प्रस्ताव लाया था। निर्धारित दिन सदस्यों के पर्याप्त संख्या में उपस्थित नहीं होने के कारण उस समय मतदान नहीं हो सका था। सोमवार को दोबारा मतदान की तारीख तय की गयी थी। इस दौरान कुल 12 सदस्य उपस्थित हुए, जिनमें नौ तृणमूल और तीन भाजपा के सदस्य थे। सभी 12 सदस्यों ने अनास्था प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।
सप्तग्राम के विधायक स्वराज पाल ने कहा कि सदस्यों ने नरेंद्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी के विकास के पक्ष में मतदान किया है। हालांकि, मतदान से पहले पंचायत कार्यालय के बाहर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी। इस दौरान धक्का-मुक्की की भी खबर है।
भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की। भाजपा सदस्यों प्रीतम बनर्जी और सुजॉय पंडित ने कहा कि वे वर्ष 2023 से भाजपा के टिकट पर पंचायत सदस्य हैं। उनका आरोप है कि उन्हें मतदान के लिए पंचायत कार्यालय में प्रवेश करने से रोका गया और अब उन्हें तृणमूल समर्थक बताया जा रहा है। उन्होंने पूरी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।