दक्षिण 24 परगना : गांजे की तस्करी के आरोप में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम आसिफ आलम लस्कर, अमीर खां और सोरिफुल लस्कर हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात लगभग 8:25 बजे विश्वसनीय सूत्र से सूचना प्राप्त हुई कि धुरी, बासंती थाना क्षेत्र से एक चार पहिया मालवाहक वाहन में भारी मात्रा में गांजा अवैध बिक्री व आपूर्ति के उद्देश्य से जीवनतला थाना क्षेत्र के कालिकातला ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी की कार्रवाई कैनिंग-II के बीडीओ माणिक सरदार की उपस्थिति में की गई, जिन्होंने मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक के बोरे से कुल 27.035 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई के दौरान कैनिंग के एसडीपीओ मोत्ताकिनुर रहमान तथा कैनिंग के आईसी तुषार विश्वास भी मौके पर उपस्थित थे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। बाद में घटना के संबंध में पुलिस द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को पुलिस हिरासत की मांग के साथ न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।