मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भले ही आधिकारिक रूप से शीत ऋतु की विदाई की घोषणा नहीं हुई हो, लेकिन दक्षिण बंगाल में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। देर रात और तड़के हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है, जबकि सुबह होते-होते गर्मी महसूस की जा रही है। इसी बीच अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के सात जिलों में सुबह के समय कोहरे का असर अभी जारी रहेगा। उत्तर बंगाल में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और शुक्रवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर सकता है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते गुरुवार और शुक्रवार को उत्तर बंगाल के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। दार्जिलिंग में हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है। वहीं कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में एक-दो दौर की हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही सुबह के समय उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सोमवार तक कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है। मौसम विभाग ने दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर के लिए गुरुवार और शुक्रवार को घने कोहरे को लेकर पीली चेतावनी जारी की है। अन्य जिलों में भी हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिलेगा। सात जिलों में दृश्यता 999 मीटर से घटकर 200 मीटर तक आ सकती है। गुरुवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को दक्षिण बंगाल में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।