Home slider

हावड़ा स्टेशन में कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना

स्टेशन को कचरा मुक्त बनाने के लिए पूर्व रेलवे की नई पहल

जारी हुआ व्हाट्सऐप नंबर

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा स्टेशन समेत पूर्व रेलवे के सभी स्टेशनों को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए पूर्व रेलवे ने एक नई पहल की है। शनिवार को हावड़ा स्टेशन पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने स्वच्छता अभियान के तहत एक नया व्हाट्सऐप नंबर 9002022780 लॉन्च किया। महाप्रबंधक ने बताया कि अब कोई भी यात्री या आम नागरिक स्टेशन परिसर में कहीं भी कचरा दिखाई देने पर उसकी फोटो और स्थान की जानकारी इस व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकता है। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर कचरे की तुरंत सफाई करेगी।

इस अभियान के तहत फोटो भेजने वाले नागरिकों को पूर्व रेलवे की ओर से एक विशेष प्रशंसा प्रमाणपत्र (Certificate) भी दिया जाएगा, ताकि लोगों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वयं स्वच्छता रैली निकाली। उन्होंने हाथ में स्वच्छता अभियान के बैनर लेकर प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को जागरूक किया और स्टेशन को साफ-सुथरा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेलवे पहले से ही रेल पटरियों और स्टेशन परिसर में कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला है। अब इस अभियान को और सख्ती से लागू किया जाएगा। रेलवे ने चेतावनी दी है कि प्लेटफॉर्म या रेलवे परिसर में कचरा फेंकने वालों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। फुटेज के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। पूर्व रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की भागीदारी से हावड़ा स्टेशन सहित अपने सभी स्टेशनों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।

SCROLL FOR NEXT