कोलकाता : पूर्व रेलवे प्रतिदिन लाखों लोगों को उनके सपनों और आकांक्षाओं से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा के रूप में कार्य करती है। लाखों यात्री जब अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए हमारी ट्रेनों में यात्रा करते हैं, तो उनकी यात्रा की शुरुआत रेलवे परिसर से ही होती है, और पूर्व रेलवे का मानना है कि यह शुरुआत प्रेरणादायक और सुखद होनी चाहिए। कल्पना कीजिए कि आप सुबह की यात्रा शुरू करें और स्टेशन पर चारों ओर कूड़ा-कचरा बिखरा हुआ मिले; ऐसा दृश्य तुरंत आपके उत्साह को कम कर सकता है और पूरे दिन के मनोभाव को प्रभावित कर सकता है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समग्र अनुभव को ध्यान में रखते हुए, पूर्व रेलवे ने निरंतर एंटी-लिटरिंग अभियानों के माध्यम से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के अपने प्रयासों को और तेज कर दिया है।
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर जो “स्वच्छ” मिशन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं, के दूरदर्शी नेतृत्व में, जोन ने कूड़ा-करकट फैलाने के विरुद्ध सक्रिय कदम उठाया है। इन प्रयासों की कड़ी निगरानी आईजी-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमिया नंदन सिन्हा द्वारा की जा रही है, ताकि रेलवे स्टेशन सभी यात्रियों के लिए स्वच्छ और स्वागतयोग्य बने रहें। हमारे आंकड़े स्वच्छता के प्रति इस कठोर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। 1 जनवरी 2026 से 6 मई 2026 के बीच, आसनसोल, सियालदह, मालदा और हावड़ा मंडलों में कुल 20,090 व्यक्तियों को गंदगी फैलाते हुए पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹40,31,600 का जुर्माना वसूला गया। यदि व्यापक अवधि पर नजर डालें, तो 1 जुलाई 2024 से 6 मई 2026 तक पूर्व रेलवे ने गंदगी फैलाने के 1,18,152 मामलों पर कार्रवाई की और कुल ₹1,98,16,810 का जुर्माना वसूला। इस अवधि में सियालदह मंडल में सर्वाधिक 35,187 मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद हावड़ा और आसनसोल का स्थान रहा। ये आंकड़े अस्वच्छ व्यवहार को हतोत्साहित करने तथा यात्रियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि के अनुसार, हमारा मुख्य उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि यात्रियों के भीतर रेलवे संपत्ति के प्रति गर्व और स्वामित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारी परिसर को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर मेहनत करते हैं, लेकिन हमारे स्टेशनों को वास्तव में विश्वस्तरीय बनाने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि पूर्व रेलवे अपनी सख्त निगरानी और जागरूकता अभियानों को जारी रखेगी, ताकि प्रत्येक यात्री को स्वच्छ और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।