कोलकाता : पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने 30 जुलाई, 2026 को फेयरली प्लेस, कोलकाता स्थित उदिशा प्रेक्षागृह में "चरित्र निर्माण – उत्कृष्टता का उत्सव" शीर्षक से एक भव्य कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समर्पण का सम्मान करना तथा स्काउट्स, गाइड्स एवं वयस्क नेताओं को संगठन की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एवं ईआरबीएसजी के संरक्षक श्री मिलिंद देऊस्कर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री एस. पी. सिंह, अपर महाप्रबंधक/पूर्व रेलवे एवं अध्यक्ष/ईआरबीएसजी; श्री विक्रम गुप्ता, प्रधान मुख्य इंजीनियर/पूर्व रेलवे एवं उपाध्यक्ष/ईआरबीएसजी; श्री सुधीर कुमार शर्मा, मुख्य सामग्री प्रबंधक (वैगन)/पूर्व रेलवे एवं राज्य मुख्य आयुक्त/ईआरबीएसजी; तथा श्री शिबराम माझि, उप महाप्रबंधक (सामान्य)/पूर्व रेलवे एवं राज्य सचिव/ईआरबीएसजी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पूर्व राष्ट्रपति गाइड एवं वर्तमान में एमबीबीएस की छात्रा श्रीमती संजना गोंड का प्रेरणादायक अनुभव-विमर्श सत्र रहा। उन्होंने उत्साहपूर्वक बताया कि स्काउटिंग ने किस प्रकार उनके व्यक्तित्व के विकास और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके पश्चात "ज्वॉइन स्काउटिंग" विषय पर एक प्रेरक प्रस्तुति दी गई, स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया तथा प्रतिष्ठित संरक्षक पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व रेलवे के माननीय महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने कुल 52 सदस्यों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए संरक्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विशेष रूप से लिलुआ में आयोजित 21वीं अखिल भारतीय रेलवे जैम्बोरेट के सफल आयोजन में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा ईआरबीएसजी के माध्यम से चरित्र निर्माण और उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प को दोहराया गया।
कार्यक्रम की सफलता पर टिप्पणी करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा-"स्काउटिंग एवं गाइडिंग युवाओं में अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा निःस्वार्थ नेतृत्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूर्व रेलवे अपने स्काउट्स एवं गाइड्स को सशक्त बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। 21वीं अखिल भारतीय रेलवे जैम्बोरेट जैसे आयोजनों में उनके उत्कृष्ट योगदान ने सेवा और समर्पण के उच्च मानदंड स्थापित किए हैं। हम सभी 52 संरक्षक पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को उनके सराहनीय प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई देते हैं, जिन्होंने चरित्र निर्माण और हमारे समुदाय को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।"