कोलकाता : पूर्व रेलवे में अप्रैल-जून, 2026 को समाप्त तिमाही की क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक महाप्रबंधक गीतिका पांडेय की अध्यक्षता में दिनांक 20.08.2026 को नए सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं राजभाषा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रत्यक्ष रूप से तथा मंडलों एवं कारखानों के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
उप महाप्रबंधक(राजभाषा) विक्रम सिंह ने महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, मुख्य राजभाषा अधिकारी, प्रधान विभागाध्यक्षों, विभागाध्यक्ष, मंडलों/कारखानों के सदस्यों का स्वागत किया साथ ही मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री परमानंद शर्मा से स्वागत संबोधन देने का अनुरोध किया।
मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री परमानंद शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बैठक का उद्देश्य पूर्व रेलवे के विभिन्न विभागों/कार्यालयों में हो रहे हिंदी प्रयोग की समीक्षा तथा अनुकरणीय कार्य प्रणालियों का आदान-प्रदान करना है। इस प्रकार की बैठकें हमें एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और राजभाषा कार्यान्वयन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने का अवसर प्रदान करता है। श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि महाप्रबंधक महोदया के कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक अनुभव एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को नई दिशा मिलेगी।
महाप्रबंधक महोदया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि त्रैमासिक बैठक केवल औपचारिकता ना रहे, बल्कि हिंदी के प्रति समर्पण एवं प्रतिबध्दता के भाव से हिंदी का प्रचार-प्रसार सशक्त एवं सकारात्मक रूप से करें। उन्होंने आगे कहा कि राजभाषा के प्रति सजग एवं संवेदनशील रहें। राजभाषा को ज्यादा से ज्यादा उपयोग में लाएं, ये राष्ट्र धर्म के प्रति आपका समर्पण दिखाएगा। उन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में राजभाषा के कार्य को ईमानदारी के साथ करने का आग्रह किया। बैठक में महाप्रबंधक महोदया ने पूर्व रेलवे मुख्यालय द्वारा प्रकाशित “प्रतिबिम्ब” पत्रिका की अप्रैल-जून-2026 अंक तथा बिजली विभाग द्वारा 3 फेज इलेक्ट्रिक लोको चलाने के निर्देश संबंधी पुस्तिका का विमोचन किया। तत्पश्चात उप महाप्रबंधक राजभाषा द्वारा कार्यसूची पर चर्चा की गई तथा राजभाषा के प्रचार-प्रसार हेतु सभी अधिकारियों से सुझाव मांगे गए। वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ. मधुसूदन दत्त के धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत बैठक समाप्त हुई।
इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदया ने पूर्व रेलवे मुख्यालय स्थित हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुश्री पांडेय ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों का अवलोकन किया एवं उपलब्ध पुस्तकों के संग्रह की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में पुरानी एवं नई पुस्तकों का संग्रह है जो पठनीय एवं उपयोगी है। उन्होंने पुस्तकालय की उपयोगिता बढ़ाने के लिए सुझाव दिया कि और भी पठनीय पुस्तकों को पुस्तकालय में शामिल किया जाए। उन्होंने इच्छा जाहिर की कि इस पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का लाभ अधिक से अधिक पाठकगण उठाएं।