Home slider

स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत पूर्व रेलवे में सघन सफाई अभियान

चारों मंडलों के स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता गतिविधियां तेज

Megha

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026 के तहत पूर्व रेलवे के चारों मंडलों—हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा—के अलावा कांचरापाड़ा, लिलुआ और जमालपुर स्थित प्रमुख कारखानों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के नेतृत्व में अभियान का संचालन “स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के तहत किया जा रहा है।

अभियान के तहत मंगलवार को स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल पर विशेष जोर दिया गया। स्टेशनों की गहन सफाई, शौचालयों और नालियों की स्वच्छता, कचरे का पृथक्करण तथा प्लेटफॉर्मों को प्लास्टिक-मुक्त रखने की दिशा में विभिन्न गतिविधियां की गईं। सफाई कर्मियों को सफाई उपकरणों और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के उचित इस्तेमाल के लिए भी जागरूक किया गया।

आसनसोल मंडल में कई स्टेशनों पर सफाई

आसनसोल मंडल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ओबीएचएस ट्रेनों के शौचालयों, कोचों, लिनेन और पेंट्री कारों का निरीक्षण किया। मधुपुर, सीतारामपुर, आसनसोल, रानीगंज, जामताड़ा, चित्तरंजन, अंडाल, जसीडीह, दुर्गापुर, दुमका, गिरिडीह और पाकुड़ समेत कई स्टेशनों पर गहन एवं मशीनीकृत सफाई अभियान चलाया गया। अंडाल सिक लाइन और जेडआरटीआई, भूली में भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।

मालदा मंडल में जागरूकता अभियान

मालदा टाउन, साहिबगंज, भागलपुर, जमालपुर, बरहरवा और एकचारी समेत विभिन्न स्टेशनों एवं कोचिंग डिपो में सफाई अभियान चलाया गया। ट्रेनों के कोच, शौचालय और पेंट्री कारों के निरीक्षण के साथ नालियों, प्लेटफॉर्म, बुकिंग व पार्सल कार्यालय, क्रू लॉबी, रनिंग रूम तथा पे-एंड-यूज शौचालयों की सफाई की गई। यात्रियों को कचरे के उचित निस्तारण, पृथक्करण और चार-बिन प्रणाली के प्रति जागरूक किया गया।

हावड़ा मंडल में मशीनीकृत सफाई पर जोर

हावड़ा मंडल में स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में मशीनीकृत सफाई, शौचालयों एवं नालियों की सफाई तथा कचरा पृथक्करण की गतिविधियां की गईं। कोचों, जैव-शौचालयों, लिनेन और पेंट्री की स्वच्छता की निगरानी की गई। इसके साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और सौर ऊर्जा संचालित परिसंपत्तियों के इस्तेमाल जैसे टिकाऊ उपायों को भी बढ़ावा दिया गया।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि निरंतर स्वच्छता अभियानों, व्यवस्थित निरीक्षणों और रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों की भागीदारी से स्वच्छता ही सेवा अभियान को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ स्टेशनों और ट्रेनों को बनाए रखने के साथ जिम्मेदार कचरा प्रबंधन तथा टिकाऊ स्वच्छता पद्धतियों को बढ़ावा देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

SCROLL FOR NEXT