मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : शालीमार स्टेशन इलाके में कथित तोलाबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अस्पताल तक पहुंच गया है। इलाजरत युवक की हत्या की कोशिश के आरोप में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले की जांच शिवपुर बोटानिकल गार्डेन थाना पुलिस कर रही है। जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत पिछले रविवार की शाम हुई थी। शालीमार स्टेशन के पास स्थित पार्किंग इलाके में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि पार्किंग कर्मी योगिंदर साह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कुछ बदमाशों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। योगिंदर को बचाने पहुंचे उसके भाई तथा ऑटो चालक राजकुमार साह पर भी हमला किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने उसके ऊपर धारदार ब्लेड से वार किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर शिवपुर बोटानिकल गार्डेन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल योगिंदर को हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह अब भी इलाजरत है। गुरुवार दोपहर अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब योगिंदर को सिटी स्कैन के लिए तीसरी मंजिल से ग्राउंड फ्लोर स्थित लैब में ले जाया जा रहा था। आरोप है कि उसी दौरान सुनील पांडे उर्फ ओमी नामक एक बदमाश बाइक से वहां पहुंचा और योगिंदर की हत्या की कोशिश की। योगिंदर के भाई राजकुमार तथा उसके दोस्तों को शक होने पर उन्होंने तुरंत सुनील को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर शिवपुर बोटानिकल गार्डेन थाना पुलिस के हवाले कर दिया। राजकुमार साह का आरोप है कि रविवार को शिकायत दर्ज कराने के बाद से ही सुनील और उसके साथी लगातार केस वापस लेने के लिए धमकी दे रहे थे। जब उन्होंने दबाव मानने से इनकार किया तो अस्पताल में घुसकर हमला करने की साजिश रची गई। फिलहाल पुलिस अभियुक्त सुनील पांडे से पूछताछ कर रही है।