Home slider

दुर्घटना कर पंडाल बंद करवाने की साजिश

भाजपा नेता सजल घोष ने पुलिस पर लगाया आरोप

Madhu Singh

कोलकाता : पिछले साल की तरह इस बार भी संतोष मित्रा स्क्वायर के दुर्गा पूजा पंडाल को लेकर विवाद गरमाया है। मुख्य आयोजक और भाजपा नेता सजल घोष ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन मिलकर उनकी पूजा को बंद करवाने की साजिश रच रहे हैं। बार-बार नोटिस भेजकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। शनिवार, पंचमी की शाम पत्रकार वार्ता में सजल घोष ने कहा कि अगर ऐसी ही परिस्थितियां बनी रहीं, तो उन्हें पूजा को बंद करना पड़ेगा। सजल घोष का आरोप है कि पुलिस की ओर से यह योजना बनाई जा रही है कि किसी तरह की दुर्घटना कर उन पर जिम्मेदारी डाली जाए। उनका कहना है कि पुलिस ने पंडाल के आसपास की 40 फीट सड़क पर बिना वजह गार्ड रेल लगाकर केवल 15 फीट ही मार्ग छोड़ा है और मैदान के रास्तों को रेलिंग से घेर दिया गया है। इससे सामान्य दर्शकों पर दबाव पड़ेगा और दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी।

इस साल संतोष मित्रा स्क्वायर के पंडाल का थीम है ‘ऑपरेशन सिंदूर।’ इसमें एआई आधारित लाइट और साउंड शो भी शामिल है। सजल का आरोप है कि पुलिस ने इस ऑडियो-विजुअल शो को चलाने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने कहा कि यह शो नहीं चल सकेगा। यहां तक कि शो के कर्मचारियों का जीएसटी कितना है, यह भी पूछताछ की गई।’

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पूजा को बंद करवाने में कुछ राजनीतिक नेताओं की भी भूमिका है। सजल घोष ने कहा कि अगर पुलिस ने फिर से नोटिस दिया तो उन्हें पंडाल को बंद करना पड़ेगा। उनका कहना है कि उनका मुख्य आकर्षण ऑडियो-वीडियो शो है और अगर इसे चलाने की अनुमति मिल जाती है तो पंडाल खुला रहेगा, भले ही बाकी चीज़ों में सहयोग न हो। सजल ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह पुलिस के साथ झगड़कर पूजा करना संभव नहीं है। आम जनता की सुविधा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां 700 मीटर चलकर पंडाल तक पहुंचा जा सकता है, वहां पुलिस लगभग साढ़े 3 किलोमीटर का मार्ग तय करने को बाध्य कर रही है। उन्होंने कहा, ‘ज़रूरत पड़ने पर प्रतिमाओं के चेहरे काले कपड़े से ढक दिए जाएंगे। शायद दशमी से पहले ही प्रतिमा विसर्जन करना पड़े।’ साथ ही, संतोष मित्रा स्क्वायर में मेला और बैंड बाजा पर भी पुलिस ने आपत्ति जताई है।

SCROLL FOR NEXT