Home slider

बैरकपुर के यात्रियों को मिलेगी आधुनिक रेल सुविधाएं

- रेल अधिकारियों ने किया बैरकपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को बैरकपुर रेलवे स्टेशन और उससे सटे 14 नंबर रेल गेट का निरीक्षण किया। इस दौरान सियालदह मंडल के वरिष्ठ मंडल अभियंता सहित कई उच्च पदस्थ रेल अधिकारी मौजूद रहे। विधायक कौस्तव बागची के साथ अधिकारियों ने स्टेशन परिसर और 14 नंबर रेल गेट क्षेत्र का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित फ्लाईओवर के नक्शे का भी प्रारंभिक स्तर पर अध्ययन और समीक्षा की गई। गौरतलब है कि विधायक ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को 15 सूत्री मांग-पत्र सौंपा था, जिसमें 14 नंबर रेल गेट पर फ्लाईओवर निर्माण प्रमुख मांगों में शामिल था। मीडिया से बातचीत में बागची ने कहा कि केवल फ्लाईओवर ही नहीं, बल्कि 14 नंबर रेल गेट के पूर्वी हिस्से में बैरकपुर गर्ल्स स्कूल जाने वाली सड़क के सुधार, गेट के पास स्थित टिकट काउंटर तथा प्लेटफॉर्म नंबर 4 के टिकट काउंटर को रात 11 बजे तक खुला रखने का भी अनुरोध रेलवे अधिकारियों से किया गया है। उन्होंने बताया कि बैरकपुर स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रेलवे के समक्ष रखी गई है। कहा कि, रेलवे अधिकारियों की ओर से इन सभी मुद्दों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। निरीक्षण के बाद कौस्तव बागची ने कहा कि रेल मंत्री को भेजी गई विभिन्न मांगों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा के लिए यह दौरा किया गया है। उन्होंने बैरकपुर के यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास जारी रखने का आश्वासन भी दिया।


SCROLL FOR NEXT