मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब भारत में गैस आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। हावड़ा के कई इलाकों में कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी की शिकायत सामने आ रही है। यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई, तो होटल और रेस्तरां के संचालन पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। हावड़ा मैदान और हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में गैस सप्लाई करने वाली डी.के. इंटरप्राइजेज के संचालक दीपक सिंह ने बताया कि इस समय कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति सीमित हो गई है। उनका कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण एचपी गैस और भारत गैस की कॉमर्शियल सप्लाई में कमी आ रही है। दीपक सिंह के अनुसार, जब उन्होंने प्लांट से गैस की आपूर्ति की मांग की, तो वहां से बताया गया कि फिलहाल लिमिटेड स्टॉक उपलब्ध है। सरकार के निर्देश के अनुसार अभी प्राथमिकता केवल घरेलू गैस सिलिंडर भरने को दी जा रही है। इसके चलते कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस स्थिति का फायदा कुछ निजी कंपनियों को मिल रहा है, क्योंकि उनके पास पहले से स्टॉक मौजूद है। अगर यही हालात बने रहे, तो आने वाले दिनों में हावड़ा के होटल और रेस्तरां में गैस की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो सकती है, जिससे व्यवसाय प्रभावित होने की आशंका है।