Home slider

हुगली नदी का कटाव रोकने के लिए सर्कुलर सॉसेज लॉन्चिंग शुरू

उलूबेड़िया नगरपालिका क्षेत्र के 24 नंबर वार्ड में नदी किनारों के 11 बिंदुओं पर हो रहा है काम

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हुगली नदी के पश्चिमी तट पर बढ़ते कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने सर्कुलर सॉसेज लॉन्चिंग की प्रक्रिया शुरू की है। उलूबेड़िया नगरपालिका क्षेत्र के 24 नंबर वार्ड अंतर्गत जगदीशपुर बांसतल्ला इलाके में नदी किनारे 11 बिंदुओं पर यह कार्य किया जा रहा है। हुगली नदी की घुमावदार संरचना के कारण हावड़ा ग्रामीण के बाउड़िया से लेकर उलूबेड़िया और श्यामपुर के बेलाड़ी इलाकों तक नदी बांध लगातार कटाव की चपेट में है। करीब तीन वर्ष पहले जगदीशपुर में लगभग 150 मीटर नदी बांध दो स्थानों पर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ था। उसी समय श्यामपुर एक नंबर ब्लॉक के बेलाड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत पूर्व बासुदेवपुर क्षेत्र में भी कटाव शुरू हो गया। इसके बाद सिंचाई विभाग ने शाल-बल्ली और बोल्डर डालकर प्राथमिक स्तर पर कटाव रोकने का प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण वह पर्याप्त नहीं रहा। अब कटाव रोकने और तेजी से गाद (पली) संचय के उद्देश्य से सर्कुलर सॉसेज लॉन्चिंग अपनाई गई है। इस प्रक्रिया में 20 मीटर लंबे विशेष तार के पिंजरों में हजारों ईंटें भरकर, पोंटून की मदद से नदी में निर्धारित दूरी पर डाली जा रही हैं। विभाग का दावा है कि इससे नदी की गहराई कम होगी और गाद जमा होकर तट मजबूत बनेगा। सिंचाई विभाग के अनुसार बाउड़िया से कालीनगर तक लगभग 15 किलोमीटर क्षेत्र अत्यंत कटाव-प्रवण है। अधिकारियों का मानना है कि नियमित ड्रेजिंग से इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है।


SCROLL FOR NEXT