मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन के लंबे समय से लंबित चिंगड़ीघाटा सेक्शन पर 15 मई से काम शुरू होने जा रहा है। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, न्यू गरिया-एयरपोर्ट कॉरिडोर के अहम हिस्से में 366 मीटर लंबे ट्रैक को जोड़ने का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 15 से 18 मई और दूसरा चरण 22 से 24 मई तक चलेगा।
ईएम बाइपास पर रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण : निर्माण कार्य के दौरान ईएम बाइपास पर ट्रैफिक नियंत्रण लागू किया जाएगा। यह सड़क शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में गिनी जाती है। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने निर्धारित सप्ताहांत में ट्रैफिक रेगुलेशन की अनुमति दे दी है, जिससे निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
लंबे समय से अटका था प्रोजेक्ट : मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय की कमी, ट्रैफिक प्रबंधन की समस्या और कानूनी अड़चनों के कारण यह परियोजना लंबे समय से रुकी हुई थी। अब नई भाजपा सरकार बनने के बाद अधिकारियों को उम्मीद है कि शहर की अन्य लंबित मेट्रो परियोजनाओं में भी तेजी आएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहले भी कह चुके हैं कि राज्य सरकार के साथ तालमेल की कमी मेट्रो विस्तार परियोजनाओं में बड़ी बाधा थी।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए अहम कड़ी : चिंगड़ीघाटा सेक्शन ऑरेंज लाइन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो न्यू गरिया को साल्टलेक सेक्टर-5 और एयरपोर्ट से जोड़ता है। अधिकारियों का मानना है कि इस ‘मिसिंग लिंक’ के पूरा होते ही पूरे कॉरिडोर पर परिचालन कार्य तेजी से आगे बढ़ सकेगा। फिलहाल ऑरेंज लाइन पर शहीद खुदीराम से बेलियाघाटा तक मेट्रो सेवा चालू है। बेलियाघाटा स्टेशन चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित है।
पर्पल लाइन परियोजना में भी उम्मीद : अधिकारियों को जोका-एस्प्लानेड पर्पल लाइन परियोजना में भी प्रगति की उम्मीद है। एस्प्लानेड स्थित बीसी रॉय मार्केट के पास कुछ दुकानदारों के स्थान खाली नहीं करने के कारण यह काम लंबे समय से अटका हुआ था। वर्तमान में पर्पल लाइन पर जोका से माझेरहाट तक मेट्रो सेवा संचालित हो रही है।